Chandrapur 13 मार्च : आगामी लोकसभा चुनाव के लिए चंद्रपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में अंततः जिले के पालकमंत्री तथा राज्य के वन, सांस्कृतिक कार्य तथा मत्स्यव्यवसाय मंत्री सुधीर मुनगंटीवार के नाम की घोषणा हुई है.
भाजपा के केंद्रीय कार्यालय द्वारा बुधवार को लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र के अधिकृत प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की. पार्टी द्वारा महाराष्ट्र के कुल 20 प्रत्याशियों की सूची जारी की, जिनमें चंद्रपुर-वणी-आर्णी क्षेत्र से प्रत्याशी के रूप में मुनगंटीवार का नाम शामिल है.
उल्लेखनीय है कि, चंद्रपुर क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी को लेकर पिछले 2 माह से अटकलों का दौर चल रहा था. इस क्षेत्र से पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री हंसराज अहीर को प्रत्याशी बनाया जाता है या इस बार प्रत्याशी मुनगंटीवार होंगे, इसे लेकर चर्चा व्याप्त हुई थी. इस क्षेत्र से भाजपा के संभावित प्रत्याशी के रूप में कुछ और नाम भी चर्चा में थे, आखिरकार उन तमाम अटकलों पर आज विराम लग गया.
गौरतलब है कि, आगामी लोकसभा चुनाव हेतु भाजपा द्वारा अधिकृत प्रत्याशी घोषित किये गए मुनगंटीवार राज्य के वर्तमान वन, सांस्कृतिक कार्य तथा मत्स्य व्यवसाय मंत्री है. 30 जुलाई 1962 को जन्में मुनगंटीवार उच्च विद्या विभूषित है. उन्होंने 17 वर्ष की आयु में विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के रूप में राजनीति में कदम रखा था. वर्ष 1989 और 1991 में उन्होंने सर्वप्रथम चंद्रपुर क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वे सफल नहीं हो सके थे, बाद में उन्होंने 1995 में चंद्रपुर क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा और वे उस वक्त 55 हजार से अधिक वोटों के अंतर से निर्वाचित हुए. तबसे वे लगातार 6 टर्म से विधानसभा में प्रतिनिधित्व कर रहे है.
वर्ष 1995 में पहली बार विधानसभा में पहुंचने के बाद उस वक्त की भाजपा-शिवसेना गठबंधन सरकार में मुनगंटीवार को पर्यटन तथा ग्राहक संरक्षण मंत्री पद हासिल हुआ था. वर्ष 2014 में भी भाजपा-शिवसेना गठबंधन सरकार में मुनगंटीवार को वित्त मंत्री पद प्राप्त हुआ था.
उन्होंने पार्टी संगठन में भी विभिन्न पदों पर कार्य किया है. राजनीतिक क्षेत्र में कदम रखने के बाद उन्होंने प्रारंभ काल मे भाजयुमो के राज्य उपाध्यक्ष पद संभाला था, बाद में उन्हें भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेश महासचिव, राष्टीय उपाध्यक्ष भी बनाया गया था. वर्ष 2010 में उन्हें भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी.



Total Users : 1946
Total views : 3808