Dhule 13 मार्च : कांग्रेस नेता, सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा का बुधवार को महाराष्ट्र के धुले में शानदार आगमन हुआ. यहां निकाले गए रोड शो में बड़ी भीड़ नजर आयी. रोड शो के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कड़ी आलोचना की.
राहुल गांधी ने कहा कि, देश मे जातिगत जनगणना से ही दलित, आदिवासी, पिछड़े वर्ग के नागरिकों को सही मायनों में न्याय मिल सकेगा.
उन्होंने कहा कि, एक तरफ देश की 70 करोड़ की जनता के पास जितनी संपत्ति है, उतना ही धन प्रधानमंत्री मोदी के करीबी 22 उद्यमियों के पास है. उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी ने अपने करीबी उद्यमियों का 16 लाख करोड़ का कर्ज माफ कर दिया है, मगर प्रधानमंत्री मोदी को गरीब किसानों का कर्ज माफ करने की फुर्सत नहीं है. उन्होंने देश मे आर्थिक सर्वेक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया.
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना की भी आलोचना करते हुए कहा कि, पहले सेना में काम करते किसी जवान की शहादत होती थी तब उन्हें शहीद का दर्जा दिलाया जाता था, शहीद जवान के परिवार को पेंशन दी जाती थी, शहीद के परिवार की रक्षा करने की जिम्मेदारी सेना द्वारा ली जाती थी, लेकिन अग्निवीर योजना ने यह सब खत्म कर दिया है. शहीद जवान के परिवार के अधिकार की पेंशन की रकम अब सीधी अडानी डिफेंस को भेजने की चाहत प्रधानमंत्री की है. उन्होंने कहा कि, देश मे अब संविधान को ही खत्म करने की तैयारी चल रही है.
भारत जोड़ो न्याय यात्रा में दिल्ली समेत महाराष्ट्र प्रदेश के कांग्रेस के दिग्गज नेता शामिल हुए थे,जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश, महाराष्ट्र के प्रभारी रमेश चेन्निथला, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, बालासाहेब थोरात, विपक्षी नेता विजय वडेटटीवार , सतेज पाटिल आदि का समावेश था.



Total Users : 1946
Total views : 3808